सरकार ने 27 फरवरी को तुहिन कांत पांडेय को सेबी का नया प्रमुख नियुक्त कर दिया। सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच के रिटायर होने से ठीक एक दिन पहले सरकार ने पांडेय की इस पद पर नियुक्ति का ऐलान किया। बुच 28 फरवरी को रिटायर हो रही हैं। सेबी के प्रमुख के रूप में पांडेय का कार्यकाल तीन साल का होगा। अभी पांडेय फाइनेंस सेक्रेटरी और डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू में सेक्रेटरी हैं। वह ऐसे वक्त सेबी के चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं, जब इंडियन स्टॉक मार्केट बीते 5 महीनों से लगातार गिर रहा है।
यूनाइटेड किंग्डम से एमबीए की पढ़ाई
Tuhin Kant Pandey 1987 बैच के ओडिशा कैडर के आईएएस अफसर हैं। उनका एजुकेशनल बैकग्राउंड शानदार है। उन्होंने चंडीगढ़ के पंजाब यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में MA किया। उन्होंने यूनाइटेड किंग्डम में यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम से एमबीए की पढ़ाई की है। वह ओडिशा सरकार और केंद्र सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
सबसे लंबे समय तक DIPAM सेक्रेटरी रहने का रिकॉर्ड
फाइनेंस सेक्रेटरी और रेवेन्यू सेक्रेटरी बनने से पहले वह डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट (DIPAM)के सेक्रेटरी थे। वह सबसे लंबे समय तक DIPAM की जिम्मेदारी संभालने वाले सेक्रेटरी रह चुके हैं। IDBI Bank में सरकारी हिस्सेदारी की बिक्री में भी उनकी अहम भूमिका रही।
नया इनकम टैक्स बिल तैयार करने में अहम रोल
सरकार ने 9 जनवरी, 2025 को तब रेवेन्यू सेक्रेटरी नियुक्त किया, जब रेवेन्यू सेक्रेटरी संजय मल्होत्रा को RBI का नया गवर्नर नियुक्त किया गया। यूनियन बजट 2025 तैयार करने में पांडेय की बड़ी भूमिका रही। इस बजट में सरकार ने 12 लाख सालाना इनकम वाले लोगों को टैक्स से छूट देने का ऐलान किया। नया इनकम टैक्स बिल तैयार करने में भी पांडेय की बड़ी भूमिका रही है। नया इनकम टैक्स बिल 60 साल से ज्यादा पुराने इनकम टैक्स एक्ट, 1961 की जगह लेगा।
संबलपुर जिले का डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर रह चुके हैं
पांडेय 24 अक्टूबर, 2019 से 8 जनवरी, 2025 तक DIPAM में सचिव रहे। इस दौरान उन्होंने कई सरकारी कंपनियों में सरकारी हिस्सेदारी बेचने की पॉलिसी बनाई और उसे लागू करने का काम किया। AIR India के प्राइवेटाइजेशन में भी उनकी बड़ी भूमिका रही। 8 अक्टूबर, 2021 को सरकार ने Tata Group को एयर इंडिया को बेचने का ऐलान किया। 27 जनवरी, 2022 को एयर इंडिया टाटा ग्रुप की कंपनी बन गई। पांडेय ओडिशा के संबलपुर जिले के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर रह चुके हैं।
टिप्पणियाँ